अरुणाचलः भयावह आग में झुलकर तीन बच्चे एवं एक महिला समेत चार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अरुणाचलः भयावह आग में झुलकर तीन बच्चे एवं एक महिला समेत चार की मौत


- हादसे में 24 घर और दुकान जलकर राख, मुख्यमंत्री खांडू ने हादसे पर जताया दुख

इटानगर, 12 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के पारसी पारलो में गुरुवार तड़के लगी भयावह आग में तीन बच्चों और एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कम से कम 24 घर और दुकन जलकर राख हो गए।

मृतकों की पहचान डोंगडा यानु (महिला) मां, डोंगडा करसांग (नाबालिग) पुत्र, डोंगडा माजी (नाबालिग) पुत्र और डोंगडा अमजी (नाबालिग) पुत्री के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गये हैं, जिनकी पहचान डोंगडा ताजी (पुरुष) पिता के रूप में हुई है। मृतक एवं घायल सभी एक ही परिवार के बताये गये हैं।

कुरुंग कुमे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 2 बजे के आसपास लगी। देखते ही देखते आग तेजी से कई घरों में फैल गई। इससे रिहायशी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे में 19 घर पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए हैं। जबकि 5 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आशंका है कि आग रसोईघर से शुरू हुई थी। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया कि पारसी पारलो में कोई फायर स्टेशन नहीं है। वहीं, कोलोरियांग में तैनात दमकल गाड़ी अपनी खराब हालत के कारण समय पर प्रभावित इलाके तक नहीं पहुंच सकी। आग बुझाने के लिए तत्काल मदद न मिल पाने के कारण आग पर काबू पाने के प्रयासों में बाधा आई।

इस बीच, मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कुरुंग कुमे जिले के पारसी पारलो सर्कल में हुई इस भीषण आग की घटना पर गहरा दुख जताया है। इस घटना ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है और स्थानीय समुदाय को भारी संकट में डाल दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोगों की मौत और परिवार के सदस्यों के लापता होने की खबरें इस त्रासदी को और भी दिल दहला देने वाला बनाती हैं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला मिले।

खांडू ने कहा है कि मैं इस त्रासदी के समय मदद के लिए आगे आने वाले स्थानीय प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग, आपातकालीन कर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों का भी दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मैं संबंधित अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।

ऑल निशी यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष जाम्रू रुजा ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। इस घटना को दिल दहला देने वाला बताते हुए, रुजा ने कहा कि इस कठिन समय में संगठन पारसी पारलो के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने कहा, हम पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ पूरी एकजुटता दिखाते हैं। रुजा ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह तुरंत हर संभव सहायता और राहत प्रदान करे। वहीं संबंधित विभाग और जिला प्रशासन ने राहत प्रदान करना शुरू कर दिया है। --------------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775682 Articles

Share this story