अरुणाचल में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का दलाई लामा ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
अरुणाचल में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का दलाई लामा ने किया स्वागत


इटानगर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को लाए जाने एवं उसकी प्रदर्शनी के अवसर पर, परम पावन दलाई लामा ने एक पत्र लिखकर उसका स्वागत किया है। दलाई लामा के हस्ताक्षर युक्त पत्र को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शानिवार काे सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा करते हुए उनका आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा है कि अरुणाचल प्रदेश में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी के अवसर पर, परम पावन दलाई लामा के स्नेहपूर्ण संदेश, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए हम अत्यंत धन्य और आभारी हैं। परम पावन हमें याद दिलाते हैं कि इन पवित्र अवशेषों के दर्शन करने और नमन करने का अवसर केवल आशीर्वाद पाने का एक आध्यात्मिक क्षण ही नहीं है, बल्कि यह अध्ययन, चिंतन और अभ्यास के माध्यम से बौद्ध धर्म के बारे में हमारी समझ को और गहरा करने का भी एक अवसर है।

पेमा खांडू ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश की अपनी यात्राओं के दौरान परम पावन ने जो देखा, उससे मैं विशेष रूप से प्रभावित हूं—उन्होंने यहां बौद्ध धर्म के अध्ययन में निरंतर वृद्धि और श्रद्धालुओं के बीच इसके लाभों के प्रति बढ़ती समझ को देखा है।

उन्हाेंने कहा कि, इस पवित्र अवसर को सुलभ बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की परम पावन द्वारा सराहना किए जाने पर हम अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता का अनुभव करते हैं। हम अपनी समृद्ध बौद्ध विरासत को संरक्षित करने और शांति, करुणा तथा सद्भाव के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अरुणाचल प्रदेश में इन पवित्र अवशेषों के आगमन पर, यह पवित्र प्रदर्शनी हमारे लोगों को न केवल आशीर्वाद पाने के लिए, बल्कि भगवान बुद्ध की शाश्वत शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में उतारने के लिए भी प्रेरित करे।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ, हम परम पावन के प्रति अपनी हार्दिक प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं अर्पित करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story