अरुणाचल में अमित शाह ने 40 मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
अरुणाचल में अमित शाह ने 40 मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को दिखाई हरी झंडी


ईटानगर, 22 नवंबर(हि. स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश के दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 40 मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से राज्य के 11 जिलों के लगभग 455 सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, एआई आधारित टीबी स्क्रीनिंग और टेलीमेडिसिन सेवाओं से लैस ये वैन ग्रामीण और सीमावर्ती आबादी के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगी।

रविवार को ईटानगर स्थित दोरजी खांडू कन्वेंशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने इन मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले अरुणाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक गांव और परिवार तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से उन लोगों को भी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी, जिन्हें अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इन 40 मोबाइल मेडिकल यूनिट को राज्य के 11 जिलों के करीब 455 सीमावर्ती गांवों में तैनात किया गया है। इनमें आधुनिक जांच सुविधाओं के साथ एआई आधारित टीबी स्क्रीनिंग और टेलीमेडिसिन की व्यवस्था की गई है। इनके जरिए लोगों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी परामर्श प्राप्त किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने सरस मेले का भी उद्घाटन किया। उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और महिला स्वयं सहायता समूहों तथा सहकारी समितियों के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की जानकारी ली।

अमित शाह ने रागा लैम्प्स में अनाज भंडारण गोदाम का उद्घाटन किया। इस पहल से किसानों और सहकारी समितियों को अनाज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने अरुणाचल राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उत्पादों की बिक्री के लिए एक ई-कॉमर्स वेबपेज भी लॉन्च किया।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उत्पादकों को अपने उत्पाद ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों की पहुंच राज्य के बाहर भी बढ़ सकती है और ग्रामीण महिलाओं की आय के नए स्रोत विकसित हो सकते हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न सहकारी संस्थाओं को ऋण और पंजीकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए। संबंधित सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने ये प्रमाण पत्र प्राप्त किए। इन पहलों का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को संस्थागत और वित्तीय रूप से मजबूत बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि विकसित अरुणाचल का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब राज्य का प्रत्येक नागरिक और हर परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेगा। सहकारिता इस लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। उन्होंने राज्य में सहकारी समितियों को बढ़ावा देने और उनके विकास पर विशेष जोर दिया।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उत्पादन, विपणन और उद्यमिता से जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों में अधिक भागीदारी का अवसर दिया जाना चाहिए। सहकारी संस्थाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में डेयरी क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ मिलकर राज्य में डेयरी विकास के लिए एक उचित रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया। कहा कि डेयरी क्षेत्र में सहकारी समितियों को प्रोत्साहित करने से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही दूध उत्पादन, संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्थाओं को मजबूत करने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे। अरुणाचल प्रदेश में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को देखते हुए डेयरी क्षेत्र सहकारिता आधारित विकास का महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर का विकास केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और सहकारिता के विस्तार से इस क्षेत्र की विकास यात्रा को गति मिल रही है।

अरुणाचल प्रदेश में 40 मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत, सरस मेले का आयोजन, अनाज भंडारण गोदाम का उद्घाटन और ग्रामीण उत्पादों के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की शुरुआत इसी व्यापक विकास दृष्टिकोण का हिस्सा है। इन पहलों से सीमावर्ती गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ग्रामीण महिलाओं, किसानों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story