सह सरकार्यवाह अरूण कुमार व अतुल लिमये पहुंचे लखनऊ,पदाधिकारियों के साथ की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
सह सरकार्यवाह अरूण कुमार व अतुल लिमये पहुंचे लखनऊ,पदाधिकारियों के साथ की बैठक


लखनऊ, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देजनर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने प्रदेश में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। इसी संबंध में लखनऊ में आशियाना स्थित चांसलर क्लब में संघ की एक बैठक हो रही है। इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरूण कुमार व अतुल लिमये गुरूवार को लखनऊ पहुंचे हैं।

दो सह सरकार्यवाहों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम संपन्न होने के बाद संघ का पूरा फोकस उत्तर प्रदेश पर है। इसके तहत संघ समाज के बीच जाने के लिए कार्यक्रमों की योजना बना रहा है।

इसमें संघ की दृष्टि से अवध व कानपुर प्रान्त के संघ व संघ के समवैचारिक संगठनकों के प्रान्तीय पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इसके अलावा इस बैठक में सभी छह प्रान्तों के प्रान्त प्रचारकों के अलावा,दोनों क्षेत्र प्रचारक पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा दोनों क्षेत्रों के विविध संगठनों के क्षेत्रीय पदाधिकारी भी शामिल हैं।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले अभी हाल ही में चार दिवसीय दौरे पर लखनऊ आए थे। इस दौरान सरकार्यवाह ने क्षेत्र की कोर कमेटी के साथ बैठक की थी। इसके अलावा संघ के क्षेत्रीय पदाधिकारी व संघ के वरिष्ठ प्रचारकों के साथ बैठक की थी। वहीं कुछ पदाधिकारियों के साथ व्यक्तिगत वार्ता भी की थी। सरकार्यवाह से मिले निर्देशों के अनुपालन के रूप में भी इस बैठक को जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संघ से जुड़े सभी विविध संगठनों की भी अलग से बैंठकें होंगी। इन बैठकों में विविध संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को चुनाव की दृष्टि से लगाया जायेगा। इसके लिए प्रान्त स्तर पर वक्ता कार्यशालाएं भी आयोजित की जायेंगी। इसके अलावा छोटी—छोटी बैठकें भी होंगी। इन बैठकों में शत प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया जायेगा।

______________

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story