सड़क दुर्घटना में बलिदान हुए 10 सैनिकों को सेना ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में बलिदान हुए 10 सैनिकों को सेना ने दी श्रद्धांजलि


जम्मू, 23 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भदरवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में बलिदान हुए 10 सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तकनीकी हवाई अड्डे पर व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पी.के. मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में सेना, भारतीय वायु सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, पुलिस और नागरिक प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की ओर से सैनिकों के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती और जम्मू के सीआरपीएफ के महानिरीक्षक आर. गोपाल कृष्ण राव ने भी तिरंगे में लिपटे सैनिकों के ताबूतों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

अधिकारियों ने बताया कि बलदान हुए जवान बुलन्दशहर-हिन्दम के मोनू, जोबनजीत सिंह (रूपनगर-अम्बाला), मोहित (झज्जर-हिन्दम), शैलेन्द्र सिंह भदोरिया (मोरार-ग्वालियर), समीरन सिंह (झारग्राम-कलाईकोंडा), प्रदुम्न लोहार (पुरुलिया-रांची), सुधीर नरवाल (यमुनागर-अम्बाला), हरे राम कुमार (भोजपुर-बिहटा), अजय लाकड़ा (रांची) और रिंखिल बलियान (हापुड़-हिंदम) के पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह नगर भेजे जा रहे हैं।

भदरवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर 9,000 फुट ऊंचे खानी शिखर पर आतंकवाद विरोधी अभियान के लिए सैनिकों को ले जा रहा सेना का बख्तरबंद वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें इन 10 सैनिकों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि खराब मौसम में दुर्गम इलाके से गुजरते समय वाहन सड़क से फिसल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story