मणिपुर में सुरक्षा बलों के अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद, कई उग्रवादी कैडर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में सुरक्षा बलों के अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद, कई उग्रवादी कैडर गिरफ्तार


इंफाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने पिछले 24 घंटे के दौरान विभिन्न जिलों में तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और मादक पदार्थ बरामद किए। इस दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कई सक्रिय कैडरों समेत अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।

इंफाल पूर्वी जिले के पोरमपाट थाना क्षेत्र के अवा-चिंग में 14 अगस्त को चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने एक .32 पिस्तौल, दो 12-बोर डबल बैरल बंदूकें, 13 सिंगल बैरल बंदूकें, एक .22 राइफल, दो 9 एमएम पिस्तौल, छह हैंड ग्रेनेड, तीन बाओफेंग वायरलेस सेट, विभिन्न कैलिबर के 14 कारतूस, तीन एंटी-रायट ग्रेनेड, रबर बुलेट और आंसू गैस के गोले बरामद किए।

मयांग इंफाल थाना क्षेत्र के इरोंग खुनौ में 13 अगस्त को एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 102 संदिग्ध डब्ल्यूवाई टैबलेट और आठ संदिग्ध एसपी टैबलेट मिले। आरोपितों की पहचान लिलोंग चिंगखाम माखा निवासी बसेमायुम थोइबा उर्फ हफीजुद्दीन और लिलोंग डैम मथक निवासी मोहम्मद मेराइमयुम अब्दुल कलाम उर्फ बाबोय के रूप में हुई।

कांगपोकपी जिले के जौपी और खोइरोक गांवों में मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, कोब्रा और आरएएफ की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाकर एक .22 राइफल, पांच सिंगल बैरल बंदूकें, चार वॉकी-टॉकी सेट, छह चार्जर, 158 12-बोर कारतूस और छह खाली खोखे बरामद किए। इस दौरान जौपी निवासी हेनमिनथांग हाओकिप (31) और जाम्मिनलाल किपगेन (25) को हिरासत में लिया गया।

पटसोई थाना क्षेत्र में 12 अगस्त को सीडीआर-बीपीआर ने अपहरण और गोलीबारी के एक मामले में यूएनएलएफ (के) के कथित कैडर युमखैबाम ब्रोजेन (51) को गिरफ्तार किया। वहीं, 13 अगस्त को सीडीओ-आईडब्ल्यू ने इंफाल पश्चिम के सागोलबंद माबुदौ मंतरी लैकाई स्थित आवास से आरपीएफ/पीएलए के कथित सदस्य निंगोम्बम इबोमचा मैतेई (58) उर्फ बिरामंगोल को पकड़ा।

इसी क्रम में सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के काकचिंग इरुमपाल इलाके से आरपीएफ/पीएलए के कथित सक्रिय कैडर निंगथौजम खेमा मैतेई उर्फ इनाओ (49) और उनके आवास से अमोम इंगोचा सिंह उर्फ चुमथांग (57) को गिरफ्तार किया।

सेनापति जिले के कैलेंजांग गांव में तलाशी अभियान के दौरान पांच एसबीबीएल बंदूकें, एक 9 एमएम पिस्तौल, दो चीनी हैंड ग्रेनेड, विभिन्न कैलिबर के 13 कारतूस और 33 खाली खोखे बरामद हुए।

उधर, चुराचांदपुर जिला पुलिस और सीआरपीएफ ने स्थानीय महिला सीएसओ के समन्वय से सिंघाट थाना क्षेत्र के टी खाजांग गांव और आसपास के इलाकों में अभियान चलाकर एक अवैध शराब भट्ठी नष्ट की। मौके से करीब 2,000 लीटर डीआईसी शराब, 19 धातु के बर्तन, 24 छोटे ड्रम और सूखी यीस्ट के दो डिब्बे बरामद किए गए।

सेनापति थाना क्षेत्र में जांच अभियान के दौरान नगालैंड के लोंगा गांव निवासी इमलियाकुम लोंगकुमेर (46) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 446 ग्राम वजन के 37 साबुन के डिब्बे और एक बोलेरो वाहन बरामद हुआ।

पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story