घर में चूहों ने कर दिया है परेशान? ये 4 पौधे लगाएं और इस समस्या से पाएं राहत
घर में चूहों की समस्या एक आम परेशानी है। कई बार चूहे इतना आतंक मचा देते हैं कि घर की चीजों को भी खराब करने लगते हैं। ऐसे में चूहों को घर से भगाना जरूरी होता है। अक्सर हम चूहों को भगाने के लिए कई तरह के उपाय आजमाते हैं, लेकिन ये उपाय भी कारगर नहीं होते हैं। चूहों को दूर भगाने के लिए आप घर में कुछ पौधे लगा सकती हैं और इनका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता है। ये पौधे आपके घर के वातावरण को भी शुद्ध करते हैं और घर में मौजूद चूहों को भी दूर भगाने में भी मदद करते हैं। भले ही यह उपाय आपको सुनकर थोड़ा अजीब क्यों न लग रहा हो, लेकिन इन पौधों से चूहे कोसों दूर हो जाते हैं और वापस नहीं आते हैं। आइए आपको बताते हैं इनके बारे में।

लैवेंडर प्लांट
लैवेंडर की खुशबू आमतौर पर हम सभी को बहुत अच्छी लगती है और इससे मेंटल स्ट्रेस भी कम हो सकता है, लेकिन यही खुशबू चूहों को परेशान कर सकती है। अगर आप इस पौधे को अपने घर के गार्डन या बालकनी में लगाएंगी तो यह चूहों को दूर करने में मदद कर सकता है। यही नहीं आप इसकी पत्तियों को सुखाकर घर के ड्रॉअर और स्टोरेज बॉक्स में भी रख सकती हैं और इससे चूहे कोसों दूर हो जाते हैं। यही नहीं चूहों को भगाने के लिए लैवेंडर एसेंशियल ऑयल भी स्प्रे के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

रोजमेरी का पौधा
रोजमेरी एक ऐसा पौधा है जो न सिर्फ खाने में इस्तेमाल होता है, बल्कि यह आपकी खूबसूरती को भी बढ़ाने के काम आता है। वहीं जब चूहों को दूर भगाने की बात आती है, तो यह पौधा एक अच्छा उपाय माना जाता है। इसकी तेज खुशबू चूहों को बिल्कुल पसंद नहीं आती है और वे खुद-ब-खुद ही घर से दूर भागने लगते हैं। घर के भीतर या कूड़ेदान के पास रोजमेरी का पौधा लगाने से चूहों की आवाजाही काफी कम हो सकती है। इसके अलावा आप सूखी रोजमेरी को छोटे कपड़े के पाउच में भरकर रख सकती हैं और इसकी खुशबू से चूहे दूर होने लगते हैं।

पेपरमिंट का पौधा
पेपरमिंट की खुशबू आमतौर पर हमें ताजगी देती है, लेकिन चूहों के लिए यह बहुत तेज और परेशान करने वाली खुशबू होती है। इसमें मौजूद मेंथॉल चूहों की सूंघने की क्षमता को प्रभावित करता है और चूहे घर से दूर भागने लगते हैं। इस पौधे को आप घर के कोनों में या दरवाजों के पास रख सकती हैं। यही नहीं, अगर आप इसकी पत्तियों को सुखाकर एक कपड़े में पोटली बनाकर कपड़ों की अलमारी में रखेंगी, तो यह उपाय भी घर में चूहों को आने से रोकेगा।

लेमानग्रास का पौधा
लेमनग्रास एक ऐसा पौधा है जो कई तरह से हमारी सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है, लेकिन चूहों को इसकी नींबू जैसी खुशबू बिल्कुल पसंद नहीं आती है। अगर आप इस पौधे को दरवाजों, खिड़कियों और बालकनी में लगाएंगी तो चूहों को दूर करने में मदद मिलेगी। यही नहीं इसकी पत्तियों को छोटे पाउच में रखकर घर के कोनों में रखने से भी चूहे घर से दूर रहते हैं।

