अटारी बॉर्डर पर ए.आर. रहमान ने पहली बार दी लाइव प्रस्तुति
चंडीगढ़, 07 जून (हि.स.)। अटारी बॉर्डर स्थित जेसीपी स्टेडियम में रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम “जय हो – ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स” का आयोजन किया गया। “मैं वापस आऊंगा” फिल्म की टीम द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विश्वविख्यात संगीतकार और ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने पहली बार अटारी बॉर्डर पर आयोजित बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम देश के वीर जवानों और उनकी सेवाओं को समर्पित रहा।
इस अवसर पर प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना, गायकों मोहित चौहान, निलांजना घोष, पूजा तिवारी और नरगिस सहित फिल्म और संगीत जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों, बीएसएफ अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
निर्देशक इम्तियाज अली ने कहा कि अटारी बॉर्डर पर ए.आर. रहमान जैसे महान कलाकार की प्रस्तुति अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं बल्कि उन भावनाओं को समर्पित आयोजन है जो भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने महसूस की थीं।
इम्तियाज अली ने बताया कि उनकी आगामी फिल्म “मैं वापस आऊंगा” विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक और प्रेम कहानी है। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग पंजाब के 14 जिलों में की गई है और इसमें पंजाब की संस्कृति, इतिहास और भावनाओं को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
इम्तियाज अली ने बीएसएफ को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि संगठन के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है। इम्तियाज अली ने कहा कि फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इसे खूब पसंद करेंगे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

