धूल भरी आंधी से बिगड़ी दिल्ली की हवा, फिलहाल ग्रैप स्टेज-1 लागू नहीं
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। राजधानी की वायु गुणवत्ता में सोमवार को अचानक गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी ) के अनुसार, शाम 4 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 228 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह आंकड़ा 127 था।
वायु गुणवत्ता में आई इस गिरावट के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की जीआरएपी उप-समिति ने सोमवार शाम 4 बजे बैठक कर दिल्ली-एनसीआर की स्थिति और आगामी दिनों के मौसम तथा एक्यूआई पूर्वानुमानों की समीक्षा की।
आयोग की बैठक में बताया गया कि दिल्ली की हवा में अचानक आई गिरावट का मुख्य कारण क्षेत्र में चली धूल भरी आंधी रही। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के पूर्वानुमानों के अनुसार आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है।
पूर्वानुमानों के आधार पर जीआरएपी उप-समिति ने माना कि फिलहाल दिल्ली का एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में बने रहने की संभावना है। इसी वजह से ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत स्टेज-1 प्रतिबंध लागू करने की आवश्यकता नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

