रिम्स-आदिलाबाद के एसएनसीयू हादसे में एक और नवजात की मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स-आदिलाबाद के एसएनसीयू हादसे में एक और नवजात की मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन


हैदराबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स)-आदिलाबाद के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में हुए हादसे में मंगलवार को एक और नवजात की मौत हो गई। निजामाबाद के सरकारी सामान्य अस्पताल में इलाज के दौरान 20 दिन की बच्ची ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मृत नवजातों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

अधिकारियों के अनुसार, बच्ची ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अंतिम सांस ली। हालत गंभीर होने पर उसे निजामाबाद के सरकारी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह उन पांच नवजातों में शामिल थी, जो सोमवार देर रात एसएनसीयू में एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद हुए विस्फोट से निकले जहरीले धुएं की चपेट में आ गए थे।

हादसे में पांच दिन के एक नवजात की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद एक अन्य नवजात ने मंगलवार तड़के आदिलाबाद के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी बच्ची की मौत निजामाबाद के सरकारी अस्पताल में हुई।

हादसे के समय एसएनसीयू में करीब 30 नवजातों का इनक्यूबेटर में उपचार चल रहा था। एसी में विस्फोट के बाद यूनिट में घना धुआं और जहरीली गैस फैल गई। प्रभावित पांच नवजातों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया । इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि दो नवजातों की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और प्रभावित नवजातों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। रिम्स प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story