हैदराबाद में खनिज ब्लॉकों की 7वीं नीलामी के लिए रोडशो शुरू, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
हैदराबाद में खनिज ब्लॉकों की 7वीं नीलामी के लिए रोडशो शुरू, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन पर जोर


हैदराबाद में खनिज ब्लॉकों की 7वीं नीलामी के लिए रोडशो शुरू, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन पर जोर


हैदराबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को हैदराबाद में अन्वेषण लाइसेंस नीलामी के दूसरे चरण और महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की सातवीं नीलामी के रोडशो का उद्घाटन किया।

खनन मंत्रालय द्वारा माधापुर स्थित एचआईसीसी में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में देश की खनिज संपदा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करना शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार केवल राजस्व के लिए नहीं, बल्कि खनिज क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस रोडशो का उद्देश्य भारत की खनिज सुरक्षा को मजबूत करना, निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देना और महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज संसाधनों के विकास को गति देना है। रेड्डी ने निजी कंपनियों से अपील की कि वे सार्वजनिक उपक्रमों, राज्य सरकारों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर कार्य करें, ताकि खनिज क्षेत्र में व्यापक विकास संभव हो सके।

अपने उद्बोधन में उन्होंने भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शहरी खनन (अर्बन माइनिंग) और कोयला गैसीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण खनिजों के दोहन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिनका लाभ उठाकर देश आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकता है।

इस अवसर पर केंद्रीय खान सचिव पीयूष गोयल ने जानकारी दी कि वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक रिकॉर्ड 212 खनिज ब्लॉकों की नीलामी की जा चुकी है। वहीं, पिछले चार वर्षों में कुल 364 ब्लॉकों की नीलामी हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में नीलामी प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक कुल 684 खनिज ब्लॉकों की नीलामी की जा चुकी है।

महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में इस वर्ष 22 ब्लॉकों की नीलामी की गई है। अब तक कुल 71 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी हो चुकी है, जिनमें 46 केंद्र सरकार और 25 राज्य सरकारों द्वारा नीलाम किए गए हैं।

उन्होंने आगे बताया कि महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की सातवीं किस्त की नीलामी 23 मार्च से शुरू की गई है, जिसमें कुल 19 ब्लॉक शामिल हैं। इनमें 17 कंपोजिट लाइसेंस और 2 माइनिंग लीज शामिल हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story