आंध्र प्रदेश में ओएनजीसी के गैस कुएं से रिसाव, तीन घंटे बाद प्रवाह नियंत्रित
हैदराबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा जिले में मंगलवार को ओएनजीसी के एक गैस ड्रिलिंग कुएं से भारी मात्रा में गैस का रिसाव होने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। हालांकि, लगातार चलाए गए वेल-कंट्रोल अभियान के बाद दोपहर तीन बजे गैस के प्रवाह को नियंत्रित कर लिया गया। ओएनजीसी ने घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना से इनकार किया है।
यह रिसाव ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के रिग से मामिदिकुदुरु मंडल के गेद्दादा गांव के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हुआ। इससे स्थानीय निवासियों और राष्ट्रीय राजमार्ग-216 से गुजरने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया।
आसपास के गांवों के लोगों ने गैस की तेज गंध आने की शिकायत की। रिसाव की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और राजमार्ग से गुजर रहे वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने गेद्दादा-मामिदिकुदुरु राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।
आग लगने की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मियों ने रिग के चारों ओर पानी की बौछारों का घेरा (वाटर अंब्रेला) बनाया। ओएनजीसी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के तातिपाका कुएं में लगातार चलाए गए वेल-कंट्रोल ऑपरेशन के बाद दोपहर तीन बजे गैस का प्रवाह सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया गया।
कंपनी के अनुसार, घटनास्थल की स्थिति का आकलन करने के बाद एहतियाती घेराबंदी और संबंधित प्रतिबंध हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए जिला प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। ओएनजीसी ने पूरे अभियान के दौरान सहयोग के लिए आंध्र प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गैस रिसाव की घटना के संबंध में अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

