यह बजट आंध्र प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और विकास की गति को नई रफ्तार देगा : नारा लोकेश
अमरावती, 01 फ़रवरी (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के मंत्री और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के पुत्र नारा लोकेश ने केंद्र सरकार की ओर से पेश किए गए वार्षिक बजट की सराहना की है। उन्होंने इसे संतुलित बजट बताते हुए कहा कि यह देश की आर्थिक वृद्धि और दीर्घकालीन अपेक्षाओं के अनुरूप है।
लोकेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट तैयार करने के लिए धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि इस बजट से आंध्र प्रदेश को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिज गलियारे, हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी और डेटा केंद्रों के लिए कर छूट जैसे प्रस्ताव राज्य के लिए अत्यंत लाभकारी होंगे।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देना और पर्यटन क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करना भी राज्य के लिए सकारात्मक कदम है। नारा लोकेश ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार केंद्र के इन अवसरों का पूरा लाभ उठाकर राज्य में निवेश बढ़ाएगी।
लोकेश ने कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आंध्र प्रदेश के विकास का अगला चरण सुगम होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि यह बजट राज्य की आर्थिक गतिविधियों और विकास गति को नई दिशा देगा।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

