आंध्र प्रदेश : काकीनाडा नर्सिंग कॉलेज में छात्रों के विवाद पर सीएम सख्त, 31 पूर्वोत्तर छात्रों को अलग आवास
अमरावती,23 अगस्त (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काकीनाडा के एक नर्सिंग कॉलेज में स्थानीय और पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों के बीच हुए विवाद को तत्काल सुलझाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। शनिवार को एसके कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आंध्र प्रदेश के छात्रों और मणिपुर व नागालैंड के छात्रों के बीच झड़प हो गई थी, जिसमें एक छात्रा घायल हो गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नायडू ने घटना की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले को जल्द से जल्द सुलझाने का निर्देश दिया। इसके बाद काकीनाडा के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कॉलेज परिसर में अधिकारियों की टीम तैनात की।
जानकारी के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों ने सर्पावरम पुलिस थाने में मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस शिकायत की बात पता चलने पर आंध्र प्रदेश के छात्रों और पूर्वोत्तर के छात्रों के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान एक छात्रा के सिर में चोट लगी, जिसके बाद उसे काकीनाडा के सरकारी जनरल अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।
इस दाैरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने मणिपुर और नागालैंड के 31 छात्रों को अलग से रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने छात्रों की सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी किए।
सूत्रों के अनुसार, मणिपुर के कुछ छात्रों ने कॉलेज परिसर के माहौल और अपनी सुरक्षा को लेकर मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद के समक्ष चिंता जताई थी। इसके बाद मणिपुर सरकार ने इस मामले को आंध्र प्रदेश सरकार के सामने उठाया। पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी घटना पर चिंता जताते हुए आंध्र प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप की मांग की थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने रविवार को दोनों पक्षों के छात्रों के साथ बैठक की और बातचीत के जरिए विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया है और पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है।
अधिकारियों की पहल और दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद कॉलेज परिसर में स्थिति सामान्य हो गई है। प्रशासन ने परिसर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था जारी रखी है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

