बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला ‘अक्वान’, 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला ‘अक्वान’, 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान


चेन्नई, 18 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बना ‘अक्वान’ चक्रवात गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। यह पिछले छह घंटों के दौरान तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 16 नवंबर को दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और शाम करीब 5:30 बजे चक्रवात ‘अक्वान’ में तब्दील हो गया। यह दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित था।

इसके बाद चक्रवात उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहा और बुधवार सुबह 5:30 बजे गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। उस समय यह चेन्नई से लगभग 580 किलोमीटर पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 650 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 730 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।

मौसम विभाग के अनुसार, यह आगे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 20 नवंबर को दोपहर के समय नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश के तट को गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार कर सकता है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बीच-बीच में हवा की गति 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तमिलनाडु के तटीय जिलों में बारिश की संभावना

चक्रवात के प्रभाव से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी।

इसके अलावा दक्षिण तमिलनाडु, उत्तरी तटीय तमिलनाडु के कुछ अन्य क्षेत्रों, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु के शेष हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 20 नवंबर को चेन्नई और तिरुवल्लूर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778953 Articles

Share this story