चक्रवात 'अकवान' के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका, मुख्यमंत्री ने लिया स्थिति का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात 'अकवान' के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका, मुख्यमंत्री ने लिया स्थिति का जायजा


-तट से टकराते समय 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं-19 और 20 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान

हैदराबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' मंगलवार देर शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, पिछले छह घंटों के दौरान चक्रवात तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एमडी एवं रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी (आरटीजीएस) के सीईओ प्रखर जैन ने बताया कि चक्रवात फिलहाल चेन्नई से 610 किलोमीटर, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर, विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर और ओडिशा के गोपालपुर से 790 किलोमीटर दूर केंद्रित है।

उन्होंने बताया कि पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए चक्रवात के गुरुवार (19 नवंबर) की सुबह तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके शुक्रवार (20 नवंबर) को दोपहर तक नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। इस दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। उन्होंने तटीय इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

इस बीच, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार सुबह आसन्न चक्रवात की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस की। उन्होंने चक्रवात के संभावित मार्ग और उसकी तीव्रता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि तूफान तीन किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। मंगलवार देर शाम तक इसकी तीव्रता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। आरटीजीएस के अधिकारियों ने भी चेतावनी दी कि चक्रवात शाम तक गंभीर रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में यह तीसरा चक्रवात है, जिसके राज्य से टकराने की आशंका है। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदाओं से घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार का प्रयास होना चाहिए कि आम जनता पर इनका प्रतिकूल प्रभाव कम से कम पड़े। उन्होंने अधिकारियों को जनता और संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक मौसम संबंधी चेतावनियां लगातार पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके लिए 'स्वर्ण ग्राम' और 'स्वर्ण वार्ड' के कर्मचारियों के माध्यम से लोगों को सीधे जानकारी देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने मछुआरों को समुद्र में जाने से रोकने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता को भरोसा दिलाया जाए कि किसी भी आपदा की स्थिति में सरकार और प्रशासन उनकी सहायता के लिए उपलब्ध हैं। पेड़ गिरने या बिजली के खंभे उखड़ने की स्थिति में उन्हें तत्काल हटाने और बहाली का काम शीघ्र शुरू करने को भी कहा।

नायडू ने अधिकारियों को वास्तविक समय में स्थिति का आकलन करने, बचाव अभियान चलाने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने चक्रवात के कारण तालाबों और नहरों में दरार पड़ने या उनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने पर भी जोर दिया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story