रेवंत रेड्डी के परिवार पर बीआरएस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, केंद्र से कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
रेवंत रेड्डी के परिवार पर बीआरएस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, केंद्र से कार्रवाई की मांग


हैदराबाद, 07 नवंबर (हि.स.)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने एक बार फिर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के परिवार के सदस्यों पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया है। पार्टी ने केंद्र सरकार से इन आरोपों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बीआरएस प्रवक्ता मन्ने क्रिषांक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के छोटे भाई अनुमुला कोंडल रेड्डी को याददाश्त खोने (मेमोरी लॉस) की समस्या से पीड़ित बताया गया था। उन्होंने कहा कि अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों में बताया गया था कि रक्षा और एयरोस्पेस कंपनी 'टेसरेक्ट एडवांस्ड सिस्टम्स' के चेयरमैन कोंडल रेड्डी इस समस्या से जूझ रहे थे। अदालत में एक प्रमाण पत्र भी जमा किया गया था, जिसके अनुसार उन्हें इलाज के लिए मेडिकवर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

क्रिषांक ने सवाल उठाया, इसके बावजूद ऐसे व्यक्ति के स्वामित्व वाली रक्षा और एयरोस्पेस कंपनी को जमीन आवंटित की जा रही है। हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जानना चाहते हैं कि इस मामले में क्या कार्रवाई की जा रही है।

बीआरएस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के छोटे भाई एक महंगी अंतरराष्ट्रीय मॉडल की कार खरीदने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बैंकों ने ऋण देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कोंडल रेड्डी से अपना सिबिल स्कोर सार्वजनिक करने की मांग की।

क्रिषांक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति (एससी) और पिछड़ा वर्ग (बीसी) निगमों को धन जारी नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि 'राजीव युवा विकास' योजना के लिए भी एक रुपये का आवंटन नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा, रेवंत रेड्डी की सरकार ने एक नया निगम स्थापित किया है, जिसका नाम 'आरआर कॉर्पोरेशन' है। रेवंत रेड्डी की बेटी नैमिषा रेड्डी ने स्कूलों में निवेश किया है। 'स्वच्छ बायो' के नाम पर उनके एक भाई के पास 1,000 करोड़ रुपये की जमीन है, जबकि दूसरे भाई ने रक्षा क्षेत्र में निवेश किया है।

क्रिषांक ने आगे आरोप लगाया कि परिवार के सदस्य अपने कारोबारी प्रतिष्ठानों का इस्तेमाल धन के लेन-देन और निवेश के लिए कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि परिवार ने अस्पतालों, स्कूलों और 50 मंजिला आवासीय इमारतों के निर्माण सहित विभिन्न परियोजनाओं में निवेश किया है। उन्होंने सवाल किया कि महज दो वर्षों में परिवार का कारोबारी साम्राज्य इतना कैसे बढ़ गया।

केंद्रीय गृह मंत्री की हालिया यात्रा का उल्लेख करते हुए क्रिषांक ने कहा कि अमित शाह ने 'आरआर टैक्स' का जिक्र किया था। उन्होंने सवाल किया कि इन आरोपों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की गई और जांच के आदेश क्यों नहीं दिए गए।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story