अमित शाह 2 नवंबर को हैदराबाद में करेंगे पदयात्रा का नेतृत्व, मोजामजाही चौराहे पर करेंगे जनसभा को संबोधित

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह 2 नवंबर को हैदराबाद में करेंगे पदयात्रा का नेतृत्व, मोजामजाही चौराहे पर करेंगे जनसभा को संबोधित


हैदराबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 2 नवंबर को हैदराबाद पहुंचेंगे। यहां वे तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। भाजपा ने यह पदयात्रा कांग्रेस द्वारा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर कथित दुष्प्रचार के विरोध में शुरू किए गए 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ' अभियान के तहत आयोजित की है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा दोपहर 3 बजे निजाम कॉलेज स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से शुरू होगी और मोजामजाही चौराहे पर समाप्त होगी। यहां अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने पत्रकारों को बताया कि पदयात्रा में वकील, डॉक्टर, बुद्धिजीवी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम और दुष्प्रचार का जवाब देना है।

राव ने एसआईआर के विरोध को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली ने भी अपने राज्य में लागू इस प्रक्रिया का समर्थन किया है। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) द्वारा फॉर्म-7 जमा किए जाने से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट इसलिए नियुक्त किए जाते हैं, ताकि वे यह जानकारी दे सकें कि संबंधित मतदाता दिए गए पते पर निवास कर रहा है या नहीं।

यह पदयात्रा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसका आयोजन नई दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर आयोजित जनसभा के ठीक एक दिन बाद हो रहा है।

पदयात्रा की तैयारियों के मद्देनजर रविवार को तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव और केंद्रीय कोयला मंत्री एवं सिकंदराबाद के सांसद जी. किशन रेड्डी ने कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा मार्ग का जमीनी निरीक्षण किया। जी. किशन रेड्डी ने हैदराबाद के नागरिकों, लोकतंत्र समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता बी. लक्ष्मण, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव, मलकाजगिरी के सांसद ईटेला राजेंद्र और स्थानीय विधायक टी. राजा सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता भी इस कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं।

भाजपा को उम्मीद है कि अमित शाह के नेतृत्व में होने वाली इस पदयात्रा के जरिए तेलंगाना में एसआईआर के मुद्दे पर पार्टी अपना राजनीतिक पक्ष मजबूती से जनता के सामने रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story