अनुराग ठाकुर का तृणमूल कांग्रेस पर तंज- बंगाल में अपराध, भ्रष्टाचार और कटमनी का सिंडिकेट

WhatsApp Channel Join Now
अनुराग ठाकुर का तृणमूल कांग्रेस पर तंज- बंगाल में अपराध, भ्रष्टाचार और कटमनी का सिंडिकेट


कोलकाता, 22 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। बुधवार को नदिया में रोड शो और जनसभा तथा कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार और कटमनी का संगठित तंत्र चलाया जा रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि 4 मई को राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद पिछले 15 वर्षों के कथित अत्याचारों और गुंडाराज का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में राज्य भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उनके अनुसार यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि बंगाल की अस्मिता बचाने का चुनाव है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य के गांव, गली और मोहल्लों में तृणमूल समर्थित तत्वों का दबदबा है, जो कथित रूप से सिंडिकेट तंत्र चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी व्यवस्था को समाप्त करने की क्षमता रखती है और कानून के माध्यम से कार्रवाई करेगी। अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अवैध घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा रोजगार के अभाव में बाहर जाने को मजबूर हैं और बेरोजगारी गंभीर समस्या बन चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि कल्याणकारी योजनाओं में भी अनियमितताएं हुई हैं और सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया गया है। साथ ही आरोप लगाया कि सीमा पर बाड़बंदी के लिए भी राज्य सरकार पर्याप्त सहयोग नहीं दे रही है। महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि संदेशखाली और आरजी कर अस्पताल जैसी घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई को राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस से मुक्ति दिलाएगी और “सोनार बांग्ला” के सपने को साकार करने की दिशा में मतदान करेगी।-----

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story