राहुल गांधी के बयान पर अनुराग ठाकुर का पलटवार, भाषा और राजनीतिक शैली पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी के बयान पर अनुराग ठाकुर का पलटवार, भाषा और राजनीतिक शैली पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक भाषा और उनके रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति में मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अशोभनीय टिप्पणियों और संवैधानिक पदों के अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस और राहुल गांधी को लगातार तीन बार नकारा है और अब वे गाली-गलौज की राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने राहुल गांधी की भाषा को अमर्यादा और अहंकार से भरी बताते हुए कहा कि उनके बयानों से कांग्रेस की मानसिकता उजागर होती है।

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी को महिला विरोधी भी बताया। उन्होंने कहा कि वे महिला आरक्षण का विरोध करते हैं। उन्होंने विदेशी महिला पर अमर्यादित टिप्पणी का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी राहुल गांधी और कांग्रेस की सोच को दर्शाती है। ठाकुर ने राहुल गांधी के संस्कार और राजनीतिक आचरण पर भी सवाल खड़े किए।

अनुराग ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी की भूमिका पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन और सड़क, दोनों जगह असफल रहे हैं। ठाकुर के मुताबिक, संसद में उन्होंने चर्चा नहीं होने दी और जब चर्चा का अवसर आया तो पेपर लीक के मुद्दे पर ठोस सुझाव देने में भी असफल रहे।

उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी दूसरों को अलग तरह का भाषण देती है, जबकि खुद उसका आचरण अलग होता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में असहमति और सवाल उठाना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा की मर्यादा और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story