मातृ शक्ति को आगे बढ़ने का मंच दे रही पहाड़ी संगीत प्रतियोगिता : अनुराग ठाकुर

मातृ शक्ति को आगे बढ़ने का मंच दे रही पहाड़ी संगीत प्रतियोगिता : अनुराग ठाकुर
WhatsApp Channel Join Now
मातृ शक्ति को आगे बढ़ने का मंच दे रही पहाड़ी संगीत प्रतियोगिता : अनुराग ठाकुर


हमीरपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शनिवार को हिमाचल प्रवास के दौरान हमीरपुर एवं ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा के त्रिदेव सम्मेलन में बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष, बीएलए के साथ संवाद कर आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की। अनुराग ठाकुर बड़सर विधानसभा में आयोजित महिला पहाड़ी संगीत कार्यक्रम में शामिल हुए।

इन कार्यक्रमों के दौरान पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए अनुराग ठाकुर ने आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश से शत प्रतिशत जीत को पक्की बताते हुए कहा, हिमाचल की जनता आज ठगा हुआ महसूस कर रही है। कांग्रेस अपने सारे वादों से मुकर चुकी है। लोग आज प्रियंका गांधी का वीडियो दिखा रहे हैं जिसमें उन्होंने 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। लोग आज इनका घोषणा पत्र दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री और अन्य कांग्रेसी नेता आज अपने वादों से पूरी तरह मुकर चुके हैं। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव जीतने के लिए झूठे वादे करती है।

अनुराग ठाकुर ने त्रिदेव सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया, भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता प्रधान संगठन है। त्रिदेव पोलिंग बूथ को सशक्त करने वाले हमारे समर्पित कार्यकर्ता हैं। आज त्रिदेव सम्मलेन में बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष, बीएलए के साथ संवाद कर आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की। जिस तरह माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने धारा 370 को धराशायी किया। ठीक उसी प्रकार हम प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का निश्चय लेकर चल रहे हैं। और इसी से भारतीय जनता पार्टी 370 सीटें और एनडीए 400 पार सीटें लाएगी।

राहुल गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश की जनता के ऊपर की गई तथाकथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, राहुल गांधी आज अपने होश खो बैठे हैं। उन्हें खुद नहीं पता कि वह कब और किस अवस्था में क्या बयान दे रहे हैं और हंसी के पात्र बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश ने नेहरू गांधी परिवार की चार पीढ़ियों को सांसद चुनकर भेजा है। राहुल गांधी जब से उत्तर प्रदेश से चुनाव हार कर वायनाड से जीते हैं तब से उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों की बुद्धि पर प्रश्न चिन्ह खड़े करने शुरू कर दिए हैं। इस बार उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने वाला।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमारे हिमाचली संस्कृति की रीढ़ हैं हमारी माताएं, बहनें, बेटियां, जो पीढ़ी दर पीढ़ी लोक गीतों, नाटकों और कहानियों के माध्यम से इसे जीवित रखती हैं। महिला पहाड़ी संगीत प्रतियोगिता इसी को ध्यान में रख कर शुरू की गई है जिसमें पंद्रह से अधिक कार्यक्रम और दस हजार से अधिक उत्साही प्रतिभागियों के साथ यह प्रतियोगिता हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत का एक शानदार प्रदर्शन है। इसमें हर उम्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, जो अपने आप में यह बताता है कि यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक आंदोलन है। महिला पहाड़ी संगीत के माध्यम से नई पीढ़ी अपने संस्कृति से रूबरू हो रही है”।

अनुराग ठाकुर ने कहा “अगर महिला मंडल और आप जैसी बहनें इस कार्यक्रम में भाग नहीं लेती तो यह कार्यक्रम फीका और अधूरा रह जाता। आपने इस कार्यक्रम में जान फूंक दी है और इसकी शान बढ़ा दी है। छोटी छोटी बच्चियों से लेकर घर की दादी और नानी में मिलकर एक टीम के रूप में कार्य किया है। यह इस कार्यक्रम की सबसे खूबसूरत बात है।

हिन्दुस्थान समाचार/ उज्जवल/प्रभात

Share this story