तिरुमाला मंदिर पहुंचे अनंत अंबानी, भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में अर्पित किए केश

WhatsApp Channel Join Now
तिरुमाला मंदिर पहुंचे अनंत अंबानी, भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में अर्पित किए केश


हैदराबाद, 28 जून (हि.स.)। रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने रविवार को आंध्र प्रदेश स्थित विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए परंपरा के अनुसार मुंडन कराकर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के चरणों में अपने केश अर्पित किए।

मंदिर पहुंचने पर अनंत अंबानी ने पहले मुंडन संस्कार संपन्न कराया और इसके बाद विधि-विधान से भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। दर्शन के दौरान उन्होंने देश और समाज की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की।

उल्लेखनीय है कि अंबानी परिवार भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के प्रति अपनी गहरी आस्था के लिए जाना जाता है। परिवार के सदस्य समय-समय पर तिरुमाला मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करते रहे हैं। पिछले वर्ष अनंत अंबानी के विवाह से पूर्व और विवाह के बाद भी अंबानी परिवार ने तिरुमाला पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए थे।

तिरुमाला मंदिर देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। केश समर्पण (मुंडन) यहां की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है, जिसे श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और समर्पण के प्रतीक के रूप में निभाते हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story