अमृतसर बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर जाने की कोशिश कर रहे अज्ञात व्यक्ति की बीएसएफ से मुठभेड़ में मौत

WhatsApp Channel Join Now

अमृतसर, 08 अगस्त (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय क्षेत्र से तारबंदी पार करके पाकिस्तान की ओर जाने की कोशिश करने में एक व्यक्ति बीएसएफ की गोली से मारा गया। सीमा पर अमृतसर जिले के दाओके इलाके में यह घटना शुक्रवार रात बीएसएफ की बॉर्डर आउट पोस्ट दाओके के अधिकार क्षेत्र में हुई। यह इलाका घरिंडा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

बीएसएफ के अनुसार जवानों ने भारतीय सीमा की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय तारबंदी की तरफ बढ़ते देखा। जवानों ने उसे रुकने के लिए आवाज लगाई और चेतावनी दी। इसके बावजूद व्यक्ति ने बीएसएफ की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और पाकिस्तान की ओर तारबंदी पार करने का प्रयास करने लगा। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बीएसएफ और पुलिस ने मृतक तथा आसपास के इलाके की तलाशी ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौके से कोई नशीला पदार्थ, संदिग्ध सामग्री या पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। अभी तक मृतक की पहचान और उसकी राष्ट्रीयता का पता नहीं चल सका है। अधिकारी जांच कर रहे हैं कि वह व्यक्ति सीमा क्षेत्र में कैसे पहुंचा और पाकिस्तान की ओर जाने की कोशिश के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा पार से तस्करी और घुसपैठ की कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

---------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story