अमृतसर में हथियार और नशा तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश, 3 नाबालिगों समेत 7 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अमृतसर में हथियार और नशा तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश, 3 नाबालिगों समेत 7 गिरफ्तार


-आरपीजी लॉन्चर, 2 पिस्तौल, 106 कारतूस, 7.9 किलो हेरोइन, 5.1 किलो अफीम और 2.3 किलो आईसीई बरामद

अमृतसर, 10 नवंबर (हि.स.)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी और सीमा सुरक्षा बल के सहयोग से विभिन्न अभियानों में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इन मामलों में तीन नाबालिगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों में आरपीजी एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर, दो पिस्तौल, 106 जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरकिरपाल सिंह उर्फ गुरपाल, लवप्रीत सिंह उर्फ नवप्रीत, बलकार सिंह और सुखजीत सिंह के रूप में हुई है। इनके अलावा तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपित कथित तौर पर विदेशों में बैठे संचालकों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति करवाते थे।

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहले अभियान में गुरकिरपाल सिंह और उसके नाबालिग साथी से आरपीजी लॉन्चर बरामद किया गया। दूसरे अभियान में लोपोके पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने लवप्रीत सिंह को दो ग्लॉक पिस्तौलों और गोला-बारूद सहित गिरफ्तार किया।

तीसरे अभियान में भिंडी सैदां पुलिस ने बलकार सिंह, सुखजीत सिंह और दो नाबालिगों को 2.3 किलोग्राम आईसीई समेत पकड़ा। पुलिस के अनुसार, बलकार सिंह सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ मंगवाने में शामिल था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि दो अन्य अभियानों में 7.904 किलोग्राम हेरोइन और 5.152 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने एक ड्रोन, जीपीएस उपकरण और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

इस संबंध में विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज किए गए हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच कर रही है।

------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story