अमृतसर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट 18 घंटे लेट, यात्रियों का हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
अमृतसर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट 18 घंटे लेट, यात्रियों का हंगामा


अमृतसर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट 18 घंटे लेट, यात्रियों का हंगामा


अमृतसर, 30 अगस्त (हि.स.)। अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार सुबह स्पाइसजेट की अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट करीब 18 घंटे लेट होने के कारण यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। यात्री टिकट काउंटर पर एयरलाइन कर्मचारियों से बहस करते नजर आए और स्पाइसजेट के खिलाफ नारेबाजी भी की।

यात्रियों के मुताबिक फ्लाइट का निर्धारित समय सुबह 8:40 बजे था, लेकिन फ्लाइट नहीं आने के बाद पहले इसका समय बढ़ाकर सुबह 11 बजे कर दिया गया। इसके बाद यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट रात करीब 2:30 बजे रवाना हो सकती है। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि यह समय भी पक्का नहीं बताया गया। फ्लाइट में देरी के चलते कई यात्री अपने बच्चों के साथ एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करते रहे। फ्लाइट में देरी से करीब 300 यात्री प्रभावित हुए हैं। इनमें लगभग 40 प्रतिशत महिलाएं और 60 प्रतिशत पुरुष शामिल हैं।

यात्रियों के अनुसार उन्होंने स्पाइसजेट से होटल या कमरे की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन उनके मुताबिक एयरलाइन की ओर से कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई। कई यात्रियों के रिश्तेदार भी उन्हें लेने के लिए एयरपोर्ट पहुंच गए, लेकिन फ्लाइट के समय को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के कारण वे भी परेशान रहे। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन की ओर से फ्लाइट लेट होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा। इसके अलावा रिफंड, वैकल्पिक टिकट या ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।

यात्रियों ने मांग की कि फ्लाइट में देरी का स्पष्ट कारण बताया जाए और नियमों के मुताबिक रिफंड या वैकल्पिक यात्रा की सुविधा के साथ उन्हें जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story