अमृतसर में 30 किलो हेरोइन बरामद, दो नाबालिग समेत छह नशा तस्कर पकड़े गए

WhatsApp Channel Join Now
अमृतसर में 30 किलो हेरोइन बरामद, दो नाबालिग समेत छह नशा तस्कर पकड़े गए


चंडीगढ़, 11 जून (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद करके सीमा पार संचालित नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को चंडीगढ़ में अमृतसर की फतेह सिंह कॉलोनी निवासी गौतम (24), अमृतसर के छेहरटा निवासी कबीर उर्फ काकू (22), अमृतसर निवासी समीर उर्फ सभरवाल (18) तथा अमृतसर की ऑर्किड वैली निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा (18) को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि कबीर उर्फ काकू का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है।

नशों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वे नशा तस्करी के लिए कर रहे थे।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार नशा तस्कर दुबई में एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की तस्करी में उनकी सहायता कर रहा था। उन्होंने बताया कि उक्त तस्कर के निर्देशों पर निर्धारित स्थानों से नशे की खेप प्राप्त करके उसे पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में आगे सप्लाई किया जाता था।

डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा वित्तीय स्रोतों का पता लगाकर संभावित हवाला संबंधों का खुलासा करने के लिए आगे जांच जारी है।

पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के अनुसार दुबई का तस्कर इस पूरे मॉड्यूल का मास्टरमाइंड है, जो पहले से ही 42 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामले तथा 10 किलोग्राम आईसीई बरामदगी मामले सहित तीन बड़े एनडीपीएस मामलों में पुलिस को वांछित है। उन्होंने बताया कि दुबई में बैठकर संचालित करने वाला यह तस्कर नाबालिगों सहित युवाओं को धन का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था और फिर उन्हें नशे की खेप प्राप्त करने तथा आगे सप्लाई करने जैसे कार्यों में इस्तेमाल करता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story