पुलिस स्मृति दिवस पर अमित शाह शहीद पुलिसकर्मियों को देंगे श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वह ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ के संदेश के साथ आयोजित देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

गृह मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में बताया कि इस रैली में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य केंद्रीय पुलिस संगठनों के लगभग 90 मोटरसाइकिल सवार शामिल होंगे।

यह रैली देशव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय बलों के मोटरसाइकिल सवार गुजरात के एकता नगर पहुंचकर एकता परेड-2026 में शामिल होंगे। रैली के माध्यम से मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को उन पुलिसकर्मियों के बलिदान की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और सेवा में अपने प्राण न्यौछावर किए। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्त्र चीनी टुकड़ी के घात लगाकर किए गए हमले में पुलिस के 10 जवान शहीद हो गए थे। तभी से इस दिन को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुलिसकर्मियों के बलिदान को चिरस्थायी बनाने और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं एकता बनाए रखने में पुलिस की भूमिका को सम्मान देने के लिए पुलिस स्मृति दिवस-2018 के अवसर पर चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक राष्ट्र को समर्पित किया था।

स्मारक में 30 फुट ऊंची ग्रेनाइट की केंद्रीय शिल्पकृति, शहीद पुलिसकर्मियों के नाम अंकित ‘शौर्य की दीवार’ और भारतीय पुलिस व्यवस्था के इतिहास एवं विकास को दर्शाने वाला संग्रहालय है। यह स्मारक पुलिस बलों में राष्ट्रीय पहचान, गौरव और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने के साथ आम नागरिकों के लिए भी विशेष महत्व रखता है।

मंत्रालय के अनुसार मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। गृहमंत्री शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख, पुलिस पृष्ठभूमि के सांसद, सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में 22 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पुलिस स्मारक सहित देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शहीदों के परिजनों को आमंत्रित करना, पुलिस बैंड प्रदर्शन, मोटरसाइकिल रैली, शहीदों की स्मृति में दौड़ और पुलिसकर्मियों के शौर्य, बलिदान एवं सेवा पर आधारित वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन शामिल है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story