नशा मुक्त भारत के रोडमैप पर मंथन, अमित शाह 26 जून को एनसीओआरडी की शीर्षस्तरीय बैठक की करेंगे अध्यक्षता

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्त भारत के रोडमैप पर मंथन, अमित शाह 26 जून को एनसीओआरडी की शीर्षस्तरीय बैठक की करेंगे अध्यक्षता


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार, 26 जून को यहां विज्ञान भवन में नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की 10वीं शीर्षस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा आयोजित इस बैठक में देश को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में विभिन्न मंत्रालयों, राज्यों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रयासों की समीक्षा की जाएगी।

गृह मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि बैठक में अमित शाह ‘मादक पदार्थ नियंत्रण पर विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029)’ तथा एनसीबी वार्षिक रिपोर्ट-2025 जारी करेंगे। व्यापक विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया यह विजन दस्तावेज मादक पदार्थों की मांग में कमी, आपूर्ति पर नियंत्रण तथा नशे से होने वाली हानि को कम करने के लिए अगले तीन वर्षों का साझा रोडमैप प्रस्तुत करेगा।

दस्तावेज में सिंथेटिक ड्रग्स, डार्कनेट के माध्यम से होने वाली तस्करी, युवाओं को नशे से दूर रखने, उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों के विस्तार तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार का कहना है कि यह दस्तावेज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए मार्गदर्शक ढांचे का कार्य करेगा।

गृहमंत्री इस अवसर पर ऑनलाइन ड्रग डिस्पोजल फोर्टनाइट कैंपेन का भी शुभारंभ करेंगे। इस विशेष अभियान के तहत देशभर में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों द्वारा लगभग 2,09,500 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया जाएगा, जिनकी अनुमानित कीमत 6,000 करोड़ रुपये है। इसके अलावा अमित शाह जम्मू और गुवाहाटी में नव-निर्मित एनसीबी जोनल कार्यालयों का भी उद्घाटन करेंगे।

बैठक में 44 केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ राज्यों की सरकारों और मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन एजेंसियों के 108 प्रतिनिधि प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे। बैठक में आगामी तीन वर्षों के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी और नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story