अमित शाह ने गांधीनगर में 'भारत टैक्सी' सेवा का किया शुभारंभ, कहा-दो साल में 500 शहरों और गांवों तक पहुंचेगी सेवा
गांधीनगर, 27 जून (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अमित शाह ने शनिवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में सहकारी मॉडल आधारित 'भारत टैक्सी' सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दो वर्ष में यह सेवा 500 शहरों और गांवों तक पहुंचेगी। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वडोदरा, अहमदाबाद, राजकोट और सूरत एयरपोर्ट सहित कई सरकारी संस्थानों के साथ विभिन्न एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य यात्रियों और ड्राइवरों दोनों का शोषण रोकना है। उन्होंने बताया कि यह सेवा सहकारी मॉडल पर आधारित है, जिसमें ड्राइवर केवल वाहन चालक नहीं बल्कि संस्था के भागीदार और मालिक भी होंगे। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में भारत टैक्सी सेवा को देश के 500 छोटे-बड़े शहरों और गांवों तक विस्तार दिया जाएगा, जहां दोपहिया और चारपहिया दोनों प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि निजी ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं में अत्यधिक कमीशन, नए ड्राइवरों का पंजीकरण बंद करने और भुगतान में देरी जैसी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए भारत टैक्सी की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल में चालक को 'सारथी' कहा जाएगा, जो सेवा देने के साथ-साथ सहकारी संस्था का मालिक भी होगा।
उन्होंने बताया कि भारत टैक्सी के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं—सारथियों और ग्राहकों का शोषण रोकना, सारथियों को सम्मान एवं स्वामित्व देना तथा सुरक्षित और समृद्ध परिवहन व्यवस्था विकसित करना। वर्तमान में देशभर में 7 लाख से अधिक सारथी इस सहकारी संस्था से जुड़े हैं और 37 लाख से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।
अमित शाह ने यह भी कहा कि कुछ लोग भारत टैक्सी के किराए को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि इसके किराए प्रतिस्पर्धी हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत टैक्सी के शुरू होने के बाद निजी कंपनियों ने भी अपने किराए कम करना शुरू कर दिया है। भविष्य में सारथियों को ऋण, बीमा और व्यवसाय विस्तार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सहकारिता गुजरात की पहचान है और भारत टैक्सी केवल एक नई परिवहन सेवा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सहकारी भावना के कारण गुजरात में यह मॉडल सबसे अधिक सफल होगा। उन्होंने कहा कि अब तक निजी कंपनियों में निश्चित आय पर काम करने वाले ड्राइवर सहकारी व्यवस्था के तहत लाभ में भी भागीदार बनेंगे।
उल्लेखनीय है कि अमित शाह 27 और 28 जून को अपने दो दिवसीय गांधीनगर संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। इस दौरान वे करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा संगठन और प्रशासन के साथ विभिन्न समीक्षा बैठकों में भी भाग लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

