बंगाल में महासप्तमी पर कई पंडालों का दौरा करेंगे अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में महासप्तमी पर कई पंडालों का दौरा करेंगे अमित शाह


कोलकाता, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल के लोगों के लिए दुर्गा पूजा महज एक त्योहार नहीं, बल्कि एक गहरी भावना है, जिसका सभी को साल भर इंतजार रहता है। इस बार का उत्सव पिछले वर्षों से काफी अलग माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद यह पहली दुर्गा पूजा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महासप्तमी के दिन बंगाल आ रहे हैं। वह सुबह बेलूर मठ के दर्शन करेंगे और उसके बाद दिन भर विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर बंगाल के इस भव्य उत्सव का हिस्सा बनेंगे।

महालया की शाम ईडन गार्डन्स में आयोजित भव्य कार्यक्रम से यह संकेत मिल गया है कि नई सरकार इस अवसर पर लोगों को एक विशेष अनुभव देने का प्रयास कर रही है। इससे पहले खबर थी कि महालया के दिन अमित शाह ईडन गार्डन्स में मौजूद रहेंगे, लेकिन किन्हीं कारणों से उनका वह दौरा रद्द हो गया था।

महालया पर दौरा रद्द होने के बाद अब अमित शाह महासप्तमी के अवसर पर पूरे दिन बंगाल में मौजूद रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह सबसे पहले सुबह बेलूर मठ जाएंगे। इसके बाद वह बाली के देशबंधु क्लब की पूजा का दर्शन करेंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे उनका चेतला 24 पल्ली दुर्गा पूजा पंडाल जाने का कार्यक्रम है। वहां से दोपहर 2 बजे शाेवा बाजार राजबाड़ी जाएंगे और उसके बाद श्रीभूमि के पंडाल का दौरा करेंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story