घुसपैठियों को पहले मतदाता सूची से बाहर करेंगे, फिर देश से : अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
घुसपैठियों को पहले मतदाता सूची से बाहर करेंगे, फिर देश से : अमित शाह


घुसपैठियों को पहले मतदाता सूची से बाहर करेंगे, फिर देश से : अमित शाह


-एसआईआर के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार केंद्र सरकार

चंडीगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत की मतदाता सूची व इस देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस तीन करोड़ घुसपैठियों को बचाने के लिए देशभर में रैलियां निकाल रही है। अमित शाह गुरुवार को करनाल में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती देते हैं, लेकिन देश के मुद्दों पर संसद में चर्चा करने से बचते हैं। गृह मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा के लिए लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है, लेकिन राहुल गांधी अपनी और अपने साथियों की यह गारंटी दें कि वे संसद में इस मुद्दे पर चर्चा से भागेंगे नहीं।

अमित शाह ने कहा कि घुसपैठियों को बचाने के लिए रैली करने वाली कांग्रेस 13 करोड़ वोट कटने का दावा करती है। जिसकी सच्चाई यह है कि 2.8 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। सवा छह करोड़ मतदाता ऐसे हैं जो दूसरे राज्यों में शिफ्ट हो चुके हैं। देश में एक करोड़ मतदाता ऐसे हैं जिनके तीन से ज्यादा स्थानों पर वोट थे। तीन करोड़ मतदाता ऐसे हैं जो न तो चुनाव आयोग के सामने आ रहे हैं और न ही धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं घुसपैठियों को बचाने के लिए कांग्रेस सडक़ों पर है।

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार इन घुसैपठियों को पहले मतदाता सूची से बाहर करेगी और फिर देश से बाहर करेगी। हाथ में संविधान लेकर चलने वाले संसद की बात सडक़ पर करते हैं। संवैधानिक संस्था का सबसे अधिक अपमान करते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कांग्रेस के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और देश की संवैधानिक संस्थाओं में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व खत्म हो रहा है। अमित शाह ने हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि 2024 में कांग्रेस ने लड्डू तो बनवाए लेकिन जीत भाजपा को मिली। इसके बाद महाराष्ट्र, बिहार व दिल्ली समेत कई राज्यों से कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया।

गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 व 2019 में एसआईआर नहीं थी, फिर भी कांग्रेस चुनाव हार गई। लगातार मिल रही हार से बौखलाकर कांग्रेसी एसआईआर के सिर ठीकरा फोड़ रहे हैं। इससे पहले गृह मंत्री का हरियाणा आने पर स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में भी कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस के नेता झूठ का पहाड़ खड़ा करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को कांग्रेस के झूठ के बारे में बता रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल, भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण के अलावा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, कृष्ण बेदी, कृष्ण लाल पंवार, महिपाल ढांडा समेत कई नेता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story