केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28-29 मई को गुजरात दौरे पर

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28-29 मई को गुजरात दौरे पर


गांधीनगर, 27 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 और 29 मई को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ संगठनात्मक और समीक्षा बैठकें करेंगे।

कार्यक्रम के तहत अमित शाह 28 मई को गांधीनगर के वडसर में आनंदम परिवार के सीएसआर फंड से निर्मित जेडवा तालाब का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वडसर, जलुंद और सरढव में टोयोटो किर्लोस्कर मोटर के सीएसआर फंड से बने नए वाचनालयों का उद्घाटन करेंगे। खटरज में तालाब सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास तथा नवनिर्मित ग्राम पंचायत कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री मोटी भोयण में पे सेंटर प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। सोनीपुर में ग्राम तालाब तथा कलोल और गांधीनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी शामिल है। सोनीपुर में वे भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व सरपंच गांडाजी ठाकोर के निवास पर दोपहर का भोजन भी ग्रहण करेंगे। इसके बाद गांधीनगर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय “श्री कमलम” में प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी। वहीं चांदखेड़ा में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) क्षेत्रीय कार्यालय तथा सोला स्थित उमियाधाम परिसर में नवनिर्मित हॉस्टल भवन का उद्घाटन भी अमित शाह करेंगे। शाम को अहमदाबाद महानगरपालिका द्वारा नवा वाडज में निर्मित “भारत माता” प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।

इसके बाद सर्किट हाउस अहमदाबाद में ओलंपिक, कॉमनवेल्थ तथा विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी। सभी कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद अमित शाह देर शाम कच्छ के भुज के लिए रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story