अमित शाह ने वडोदरा सड़क हादसे पर जताया दुख
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के वडोदरा में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से घायलों के इलाज और हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
अमित शाह ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि गुजरात में वडोदरा-जारोद रोड पर हुआ हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
गृहमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 31 लोग घायल हुए हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

