केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे कोलकाता, दुर्गा पूजा समारोहों में होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे कोलकाता, दुर्गा पूजा समारोहों में होंगे शामिल


कोलकाता, 17 अक्टूबर (हि.स.)।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार इस दौरान वह राज्य के विभिन्न दुर्गा पूजा समारोहों में हिस्सा लेंगे। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर यह उनका पहला राज्य दौरा है। अहमदाबाद से यहां पहुंचे गृह मंत्री का शनिवार रात करीब 8:15 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भव्य स्वागत किया। वह दक्षिण कोलकाता के अलीपुर स्थित एक अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

उनके रविवार के तय कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री सुबह 10:45 बजे रामकृष्ण मठ और मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ जाकर दुर्गा पूजा के दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे उनका हावड़ा जिले के बाली स्थित देशबंधु क्लब की दुर्गा पूजा में शामिल होने का कार्यक्रम है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि इसके बाद वह उत्तरी कोलकाता स्थित शोवाबाजार राजबाड़ी जाएंगे, जहां वह 250 साल से भी अधिक पुरानी ऐतिहासिक दुर्गा पूजा में देवी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

दिन के उत्तरार्ध में, अमित शाह पूर्वी कोलकाता के लेक टाउन इलाके में स्थित मशहूर श्रीभूमि दुर्गा पूजा पंडाल और शहर के दक्षिणी हिस्से चेतला में 24 पल्ली पूजा पंडाल का भी दौरा करेंगे। राज्य के इन सभी प्रमुख पूजा समारोहों में शामिल होने और लोगों से जनसंपर्क स्थापित करने के बाद वह वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story