अमित शाह लखनऊ में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का करेंगे उद्घाटन
लखनऊ, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार (30 अक्टूबर) को यहां के डा. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करेंगे।
भाजपा के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी डा.प्रदीप वर्मा की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरूवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान शुक्रवार को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गयी। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने दो दिन चलने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे, प्रमुख विषयों एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में नवगठित कार्यसमिति की यह पहली बैठक होगी।
भाजपा के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के अपेक्षित राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सांसद-विधायक व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के अलावा जिलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा बैठक में प्रदेश मीडिया संयोजक, प्रदेश प्रवक्ता, पैनिलिस्ट, प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं विधानसभा क्षेत्र विस्तारकों सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

