अमरनाथ यात्रा अगले आदेश तक स्थगित, अब तक 4.8 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now

- खराब मौसम की आशंका को देखते हुए पहलगाम और बालटाल मार्गों पर स्थगित रहेगी यात्रा

जम्मू, 08 अगस्त (हि.स.)। बारिश के बाद पटरियों की मरम्मत और रखरखाव के काम के चलते और आने वाले दिनों में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए अमरनाथ यात्रा को अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। यह यात्रा पहलगाम और बालटाल मार्गों पर बंद रहेगी। तीर्थयात्रा के दौरान अब तक 4.8 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन कर चुके हैं।

कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण संवेदनशील हिस्सों में यात्रा मार्गों की मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता महसूस हुई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से पुनर्बहाली कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के लिए खराब मौसम का पूर्वानुमान जताया है, जिसको देखते हुए 9 अगस्त से दोनों मार्गों पर तीर्थयात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

वार्षिक तीर्थयात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग जिले के चंदनवारी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी, जो 28 अगस्त को पारंपरिक छड़ी मुबारक समारोह के साथ सम्पन्न होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story