संघ प्रमुख की मौजूदगी में अखिल भारतीय केन्द्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू
- समाज और राष्ट्र के मुद्दों पर हो रहा चिंतन
मथुरा, 05 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत की मौजूदगी में अखिल भारतीय केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को तीर्थनगरी वृन्दावन के केशव धाम में शुरू हो गई है, यह बैठक सात जनवरी तक चलेगी, जिसके बाद 8 और 9 जनवरी को दो दिवसीय एक और महत्वपूर्ण मंथन प्रस्तावित है। संघ की इस उच्चस्तरीय बैठक को संगठन के भविष्य की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। बैठक में राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रीय पदाधिकारियों के बीच चर्चा जारी है। संघ प्रमुख अपने 7 दिवसीय प्रवास पर वृंदावन में हैं।
संघ प्रमुख मोहन भागवत रविवार को ही वृंदावन पहुंच गए थे, सोमवार सुबह उन्होंने स्वयं बैठक के पहले सत्र का उद्घाटन किया। इसके बाद संघ के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में विचार-विमर्श का क्रम शुरू हुआ। बैठक में सह-सर कार्यवाह, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख, प्रचार प्रमुख और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित लगभग 50 शीर्ष लाेग भाग ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रतिदिन तीन सत्रों में विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक को देखते हुए केशव धाम परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। बैठक को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है और मीडिया को कार्यक्रम स्थल से दूर रखा गया है। संघ की ओर से आधिकारिक रूप से बैठक के एजेंडे को सार्वजनिक नहीं किया गया है। केशव धाम में चल रही इस बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत के अलावा सह-सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल, मुकंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, अतुल लिमए, आलोक कुमार, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल और अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अम्बेकर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में देश से जुड़े कई अहम सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर विचार किया जा रहा है। इनमें सामाजिक समरसता को और मजबूत करने, मोहल्ला स्तर पर हिंदू सम्मेलनों के आयोजन, विभिन्न राज्यों से हो रहे पलायन की समस्या, तथा पड़ोसी देशों में जारी हिंसा और अस्थिरता की स्थिति जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा संगठनात्मक विस्तार और समाज में संघ की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा संभव है।
संघ प्रमुख चंद्रोदय मंदिर एवं सुदामा कुटी संतों के बीच जाएंगेवृंदावन में सात दिन के प्रवास पर आए संघ प्रमुख मोहन भागवत 10 जनवरी को सुबह सवा 9 बजे छटीकरा मार्ग स्थित चंद्रोदय मंदिर पहुंचेंगे। यहां मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन करने के बाद वह मिड डे मील बनाने वाली सेंट्रल आधुनिक रसोई को देखेंगे। इसके बाद वह चंद्रोदय मंदिर के पदाधिकारियों के साथ वार्तालाप करेंगे। शाम चार बजे सुदामा कुटी में आयोजित संत सुदामा दास महाराज का शताब्दी समारोह में संतों के बीच जाएंगे। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मुलाकात करने के लिए आ सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

