डेटा सेंटर कंपनी एयरट्रंक ने भारत में तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की

WhatsApp Channel Join Now
डेटा सेंटर कंपनी एयरट्रंक ने भारत में तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की हाइपरस्केल डेटा सेंटर कंपनी एयरट्रंक ने भारत में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश और 5 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने की योजना की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को एयरट्रंक के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि भारत की डिजिटल अवसंरचना यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है। एयरट्रंक ने भारत में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश तथा 5 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने की योजना घोषणा की है। यह देश के डिजिटल अवसंरचना क्षेत्र में प्रस्तावित सबसे बड़े निवेशों में से एक है।

उन्होंने कहा कि इस निवेश से क्लाउड कंप्यूटिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में भारत की वैश्विक स्थिति और मजबूत होगी। साथ ही इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ावा मिलेगा और नवाचार आधारित विकास को गति मिलेगी।

मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है और यह स्पष्ट है कि वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था का भविष्य तेजी से भारत में आकार ले रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story