नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से शुरू होगी हवाई यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से शुरू होगी हवाई यात्रा


नोएडा, 01 मई (हि.स.)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से उड़ान सेवाएं शुरू होने जाएंगी। इसी के साथ दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत के यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट से यात्रियाें के उड़ान और कार्गो की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को पहली उड़ान इंडिगो एयरलाइंस की होगी। उड़ान कहां के लिए होगी और किस समय होगी, इसको लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन जल्द ही घोषणा करेगी। सीईओ आरके सिंह ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट आधुनिक टर्मिनल, बुनियादी ढांचा, कुशल संचालन और मजबूत मल्टीमाडल कनेक्टिविटी का संगम है। वाणिज्यिक संचालन की शुरुआत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने, आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और व्यापक क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्हाेंने बताया कि वाणिज्यिक सेवाओं के शुभारंभ से पहले हवाई अड्डे का सुरक्षा ढांचा, प्रणालियां और संचालन प्रक्रियाएं नियामक आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी कर लिया गया है। इंडिगो एयरलाइंस नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान संचालित करेगी, जिसके बाद जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी उड़ान भरेगी। एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए शुरू होने वाली उड़ानों की समय सारणी, गंतव्यों और यात्री सेवाओं के बारे में जल्द यात्रियों को जानकारी दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जेवर में स्थित इस नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च काे उद्घाटन किया था। इसके बाद जल्द ही यहां से घरेलू और कार्गो सेवाओं के शुरू होने के कयास लगाए जा रहे थे। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यक्रम (एएसपी) की मंजूरी मिलने के बाद अब यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 15 जून से उड़ानों के संचालन की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story