खराब मौसम के मद्देनजर एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

WhatsApp Channel Join Now
खराब मौसम के मद्देनजर एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी


नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स)। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित मुंबई और कई इलाकों में भारी बारिश के कारण हालात खराब हो चुके हैं। महाराष्ट्र के कई इलाकों में तो सरकार की तरफ से भी लोगों को सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं, नई दिल्ली में भारी बारिश को देखते हुए टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

टाटा समूह की विमानन कंपनी एयर इंडिया ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर सहित कई इलाकों में भारी बारिश को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि खराब मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है। यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए हम यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले इस लिंक पर जाकर फ़्लाइट का ताज़ा स्टेटस देख लें: https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html आपकी समझदारी और सहयोग के लिए धन्यवाद।

दिल्ली में भारी बारिश और आंधी का अनुमान

मौसम विभाग की तरफ से पहले ही नई दिल्ली सहित उसके आसपास के इलाकों के लिए आने वाले पांच दिनों में भारी बारिश और आंधी का अनुमान जताया गया है। आज भी कई इलाकों में भारी बारिश शुरू हो चुकी है। इस बारिश से भले गर्मी से लोगों को राहत मिली लेकिन भारी बारिश की चेतावनी ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की तरफ से दिल्ली के कई जिलों के लिए सात, आठ और नौ जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story