मुम्बई से भोपाल पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी खराबी आने के बाद रद्द, परेशान हुए 175 यात्री

WhatsApp Channel Join Now
मुम्बई से भोपाल पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी खराबी आने के बाद रद्द, परेशान हुए 175 यात्री


मुम्बई से भोपाल पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी खराबी आने के बाद रद्द, परेशान हुए 175 यात्री


भोपाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर रविवार को मुम्बई से आए एयर इंडिया के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। प्लाइट रद्द होने से भोपाल विमानतल पर करीब 175 यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट भोपाल के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट एआई -633 ने रास्ते में ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को तकनीकी समस्या की जानकारी दी, जिसके बाद भोपाल एयरपोर्ट पर तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरलाइन ग्राउंड स्टाफ, सीआईएसएफ और एयरपोर्ट की फायर एंड रेस्क्यू टीम ने समन्वय बनाते हुए आवश्यक तैयारियां कीं। फ्लाइट में कुल 175 लोग सवार थे, जिनमें 166 यात्री और नौ क्रू मेंबर शामिल थे। विमान ने दोपहर 3:20 बजे भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

भोपाल एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया गया। इसके बाद एहतियातन एयर इंडिया ने भोपाल से मुंबई जाने वाली वापसी फ्लाइट एआई-634 को रद्द कर दिया, ताकि विमान की विस्तृत जांच और जरूरी मरम्मत की जा सके। इसके चलते कुछ यात्रियों के हंगामा करने की बात भी सामने आई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।

175 यात्रियों पर पड़ा असर

इस फ्लाइट से लगभग 175 यात्रियों को भोपाल से मुंबई के लिए रवाना होना था, लेकिन अचानक रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि एयरलाइन की ओर से तकनीकी कारणों की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट को “टेक्निकल ग्राउंड” किया गया, जिसके कारण यात्रियों को आगे की यात्रा नहीं मिल सकी।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि फ्लाइट रद्द होने से तीन शिशुओं सहित कुल 178 यात्री प्रभावित हुए। एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कीं। इसमें 86 यात्रियों ने टिकट रिफंड का विकल्प चुना, 81 यात्रियों को अगले दिन की फ्लाइट में शिफ्ट किया गया, एक यात्री को इंडिगो की फ्लाइट में भेजा गया, आठ यात्रियों के लिए होटल की व्यवस्था की गई और दो यात्रियों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा सभी प्रभावित यात्रियों को भोजन और रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध कराया गया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story