एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस पश्चिम एशिया के लिए 44 उड़ानें करेंगी संचालित

WhatsApp Channel Join Now
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस पश्चिम एशिया के लिए 44 उड़ानें करेंगी संचालित


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स)। टाटा की अगुवाई वाली एयरलाइन एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलवार को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने के लिए 44 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी।

एयरलाइन ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में कहा कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर 17 मार्च, 2026 को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली 44 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। कंपनी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया मस्कट और जेद्दा सहित पश्चिम एशिया से आने-जाने के लिए कुल 44 उड़ानें संचालित करेंगी।

इस बीच पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने विदेशी उड़ानों के संचालन पर फिलहाल प्रतिबंध लगा दिया है। इसके परिणामस्वरूप इंडिगो, एयर इंडिया समूह और स्पाइसजेट ने दुबई के लिए अपनी उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

इंडिगो ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में कहा कि दुबई हवाई अड्डा अधिकारियों द्वारा जारी नवीनतम जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए दुबई में विमानों के उतरने की अनुमति अगले आदेश तक रोक दी गई है। वहीं, स्पाइसजेट ने भी ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के कारण उसकी दुबई से आने-जाने वाली उड़ानें फिलहाल प्रतिबंधित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story