सिंगापुर एयर शो में वायु सेना की सारंग टीम दिखाएगी साहसिक हवाई कलाबाजियां
- चांगी एग्जिबिशन सेंटर में 37 एयरक्राफ्ट का स्टैटिक डिस्प्ले भी शामिल होगा
नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। भारतीय वायु सेना सिंगापुर एयर शो के दौरान अपनी सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जरिए स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव को दिखाएगी। चांगी एग्जिबिशन सेंटर में 3 से 8 फरवरी तक होने वाले इस एयर शो में तीन दूसरी इंटरनेशनल डिस्प्ले टीमें भी हवाई परफॉर्मेंस देंगी और इसमें 37 एयरक्राफ्ट का स्टैटिक डिस्प्ले भी शामिल होगा। दुनिया भर की वायु सेनाएं और डिफेंस कंपनियां एक मंच पर दिखेंगी।
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने लाल-सफेद 'ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सटीक फॉर्मेशन और साहसी हवाई कलाबाजियां करने के लिए जानी जाती है। यह टीम सिंगापुर एयर शो के दौरान सैन्य ऑपरेशन, मानवीय सहायता और आपदा राहत सहित कई तरह के मिशन में एएलएच ध्रुव की ऑपरेशनल वर्सेटिलिटी, फुर्ती और भरोसे को दिखाएगी। तमिलनाडु के सुलूर में 2005 में बनी सारंग एरोबैटिक टीम पांच ध्रुव हेलीकॉप्टर का बेड़ा चलाती है। पिछले कुछ सालों में इस टीम ने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय एयर शो में हिस्सा लिया है। इसने रूस में इंटरनेशनल एयर शो (2021), दुबई एयर शो (2021 और 2023), बहरीन इंटरनेशनल एयर शो (2024), और 2024 में सिंगापुर एयर शो के पहले संस्करण में प्रदर्शन किया है।
सिंगापुर एयर शो दो साल में एक बार होने वाली एशिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी है, जिसमें दुनिया भर की वायु सेनाएं, रक्षा कंपनियां और एविएशन हितधारक एक मंच पर आते हैं। यह इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सामरिक बातचीत और उद्योग भागीदारी को बढ़ावा देते हुए उन्नत सैन्य और नागरिक उड्डयन प्रौद्योगिकी को दिखाने के लिए एक प्लेटफ़ॉर्म देता है। एयरोबैटिक डिस्प्ले के अलावा सारंग टीम नियमित तौर पर घरेलू एयर शो में हिस्सा लेती है। इसने मानवीय सहायता और आपदा राहत ऑपरेशन्स में भी अहम भूमिका निभाई है, जिससे भारतीय वायु सेना की वैश्विक प्रतिबद्धता मजबूत हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम

