एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभाग को मिला रोटरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मान्यता, एसिड अटैक पीड़ितों के पुनर्वास में होगी सहायक

WhatsApp Channel Join Now
एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभाग को मिला रोटरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मान्यता, एसिड अटैक पीड़ितों के पुनर्वास में होगी सहायक


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव एवं बर्न्स सर्जरी विभाग को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 के साथ साझेदारी में आधिकारिक रूप से ‘रोटरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में मान्यता दी गई है। इस साझेदारी के तहत गंभीर रूप से झुलसे लोगों, एसिड अटैक पीड़ितों, लिम्फेडेमा और डायबिटिक फुट से पीड़ित मरीजों को जटिल पुनर्निर्माण सर्जरी की सुविधा देने के साथ उनके समग्र पुनर्वास पर ध्यान दिया जाएगा।

इस मान्यता को विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंघल, एडिशनल प्रोफेसर डॉ. शशांक चौहान और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नंदिनी सिंह तंवर ने प्राप्त किया।

इस संबंध में शनिवार को एम्स में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोटरी इंटरनेशनल की पूर्व अध्यक्ष और द रोटरी फाउंडेशन की चेयर जेनिफर जोन्स सहित रोटरी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

‘ लौटाए मुस्कान, संवारे जीवन’ की थीम पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। इसके तहत गंभीर रूप से झुलसे लोगों, एसिड अटैक पीड़ितों, लिम्फेडेमा और डायबिटिक फुट से पीड़ित मरीजों को जटिल पुनर्निर्माण सर्जरी की सुविधा देने के साथ उनके समग्र पुनर्वास पर ध्यान दिया जाएगा। रोटरी के इतिहास में पहली बार भारत के किसी प्रमुख चिकित्सा संस्थान को यह दर्जा प्रदान किया गया है।

डॉ. मनीष सिंघल ने पत्रकारों को बताया कि इस साझेदारी के तहत मरीजों को सर्जरी के अलावा मनोवैज्ञानिक परामर्श, शारीरिक पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल होने में मदद दी जाएगी। विशेष रूप से एसिड अटैक पीड़ितों और बर्न सर्वाइवर्स को स्कूल, कामकाज और सामान्य सामाजिक जीवन में लौटने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने बताया कि जलने की घटना किसी भी व्यक्ति की जिंदगी को पूरी तरह बदल सकती है। किसी हादसे में झुलसने वाले मरीजों को लंबे समय तक इलाज की जरूरत पड़ सकती है। गंभीर रूप से जलने पर त्वचा को काफी नुकसान पहुंचता है। ऐसे मरीजों को कई बार एक से ज्यादा सर्जरी करानी पड़ती है।

इलाज का मकसद सिर्फ मरीज की जान बचाना ही नहीं बल्कि शरीर के जले हुए हिस्सों को पहले जैसा बनाने और उनकी काम करने की क्षमता को बेहतर करना भी होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एम्स के बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक को अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सेंटर के तहत डॉक्टरों के प्रशिक्षण, कार्यशालाओं, शोध और भारतीय तथा अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के बीच ज्ञान साझा करने पर भी जोर दिया जाएगा। विभाग की जरूरतों और आपसी सहमति के आधार पर आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट्स और अन्य सुविधाओं के लिए भी संसाधन जुटाए जाएंगे।

इस पहल में एम्स अपनी चिकित्सा विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा, जबकि रोटरी अपने क्लबों, सदस्यों, दानदाताओं और रोटरी फाउंडेशन के पात्र कार्यक्रमों के माध्यम से संसाधन जुटाएगा। रोटरी ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी पहल के लिए एम्स या सरकार से किसी तरह का वित्तीय योगदान नहीं लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि एम्स और रोटरी के बीच यह सहयोग पिछले कई वर्षों से चल रहे संयुक्त प्रयासों का विस्तार है। इसके तहत वर्ष 2022 में उत्तर भारत का पहला स्किन बैंक स्थापित किया गया था। अगस्त 2025 में एम्स में रोटाप्लास्ट कैंप आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 80 से 100 मरीजों की सर्जरी की गई और 150 से अधिक लोगों को चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा रोटाप्लास्ट इंटरनेशनल के साथ ग्लोबल स्कॉलर्स प्रोग्राम शुरू किया गया, जिसके माध्यम से एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों और विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story