नितिन नवीन, धर्मेंद्र प्रधान ने आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन, धर्मेंद्र प्रधान ने आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद रवींद्र किशोर सिन्हा को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचकर उनकी पार्थिव देह पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने सिन्हा के संगठनात्मक योगदान, सामाजिक सरोकारों और उद्यमशीलता को याद किया।

नितिन नवीन ने एक्स पोस्ट पर साझा किए शोक संदेश में कहा भाजपा के स्थापना काल से संगठन के विस्तार में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। एसआईएस को पटना से वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार सृजन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

चित्रांश समाज के मार्गदर्शक के रूप में वे सदैव समाज के सुख-दुःख में साथ खड़े रहे।

नितिन नवीन ने सिन्हा को अपना अभिभावक बताते हुए उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम क्षणों तक संगठन और समाज के प्रति समर्पित आरके सिन्हा की सरलता, निष्ठा और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता सदैव स्मरणीय रहेगी।

ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उल्लेखनीय है कि आरके सिन्हा का शुक्रवार को नोएडा में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। आरके सिन्हा ने करीब 75 साल की उम्र में आखिरी सांस ली।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story