दीपावली पर झुलसने के 42 मामले एम्स में आए, पांच मरीजों की सर्जरी हुई

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर झुलसने के 42 मामले एम्स में आए, पांच मरीजों की सर्जरी हुई


दीपावली पर झुलसने के 42 मामले एम्स में आए, पांच मरीजों की सर्जरी हुई


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के दौरान पटाखों और अन्य कारणों से झुलसने के कुल 42 मामले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आए। इनमें 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे हैं, जबकि 31 को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों में चार आईसीयू और सात वार्ड में भर्ती हैं। अब तक पांच मरीजों की सर्जरी की गई है।

एम्स के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव और बर्न्स सर्जरी विभाग की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह स्थिति सोमवार सुबह 11 बजे तक की है। इनमें 37 मामले पटाखों से जलने के हैं, जबकि दो लोग पोटाश से झुलसे हैं। पोटाश से झुलसने वालों में 13 साल का एक बच्चा भी शामिल है। फिलहाल 8 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।

झुलसने वालों में 10 वर्ष से कम उम्र के छह बच्चे हैं। इनमें सबसे कम उम्र का बच्चा पांच साल का है। आठ साल का एक बच्चा शरीर का 45 प्रतिशत हिस्सा जलने के कारण गंभीर स्थिति में है। 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 12 और 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 22 मामले हैं। 60 वर्ष से अधिक उम्र का एक मरीज भी शामिल है।

एम्स ने बताया कि इसके अलावा आंखों में चोट के कुछ मरीज सीधे आरपी सेंटर के नेत्र आपातकालीन विभाग में आए हो सकते हैं। ऐसे मरीजों की संख्या इन आंकड़ों में शामिल नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774299 Articles

Share this story