अल्पसंख्यक सलाहकार परिषद की बैठक में शामिल हुए राहुल गांधी, इमरान प्रतापगढ़ी की पहल की सराहना की

WhatsApp Channel Join Now
अल्पसंख्यक सलाहकार परिषद की बैठक में शामिल हुए राहुल गांधी, इमरान प्रतापगढ़ी की पहल की सराहना की


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के नेतृत्व में गठित राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की पहली बैठक शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के नवनिर्मित मुख्यालय इंदिरा भवन में सम्पन्न हुई। इस बैठक में मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उपस्थित रहे। उन्होंने इस बैठक में देशभर के कांग्रेस पार्टी के नेताओं और साथ में विभिन्न सामाजिक क्षेत्रीय और अल्पसंख्यक पृष्ठभूमि के प्रतिनिधियों को एक साथ लाने की अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की इस पहल की सराहना की।

अप्रैल के महीने में कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी द्वारा ही एआईसीसी के अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की कमेटी का गठन किया गया है।

आज इस बैठक में भारत के सामाजिक ताने-बाने और संवैधानिक मूल्यों के सामने बढ़ती चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने संविधान द्वारा प्रदत्त सद्भाव, बंधुत्व और लोकतांत्रिक स्वतंत्रता को कमजोर करने के सांप्रदायिक और विभाजनकारी ताकतों के प्रयासों पर चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने

पार्टी की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की मीटिंग के दौरान देशभर से आए अल्पसंख्यक नेताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा की नफरत की सियासत के दिन जल्द लदने वाले हैं। पूरे देश में जिस तरह का आर्थिक संकट आने जा रहा है, उससे भाजपा की नफरत की राजनीति घुटनों पर आ जाएगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुझे पता है आपको डराया जा रहा है, फंसाया जा रहा है लेकिन आप डरिये मत, मुल्क संविधान से चलेगा, मुहब्बत से चलेगा, कांग्रेस पार्टी पूरे देश में हर पीड़ित के साथ खड़ी है।

राहुल गांधी ने अपील की कि आप सब लोग एक जुट होकर अल्पसंख्य विभाग के साथ अपनी आवाज़ उठाइए, सियासत में हिस्सेदारी लीजिए और इमरान प्रतापगढ़ी के हाथों को और मजबूत करिए। बैठक के आयोजक

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि मुस्लिम , ईसाई, जैन, बौद्ध, सिख सहित सभी माइनॉरिटी को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन राहुल गांधी भाजपा की नफरत के खिलाफ पूरी ताकत से खड़े हैं और देश में जिसके साथ भी जुल्म होगा, उसके साथ राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी, इमरान प्रतापगढ़ी साथ खड़े होंगे।

बैठक में केसी वेणुगोपाल, तारिक अनवर, अभिषेक मनु सिंघवी और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे पार्टी के बड़े नेता भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहम्म्द ओवैस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद

Share this story