एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन देश की छवि धूमिल करने की साजिशः भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन देश की छवि धूमिल करने की साजिशः भाजपा


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने एआई समिट में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह देश की छवि धूमिल करने की साजिश है।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि कुछ प्रदर्शनकारी बारकोड लेकर कार्यक्रम के भीतर प्रवेश कर गए थे और उन्होंने विरोध स्वरूप अपनी टी-शर्ट उल्टी पहनी हुई थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट चल रहा है, जिसमें युवा कांग्रेस के चार लोग गिरफ्तार हुए हैं।पात्रा ने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया, उल्टी टी-शर्ट पहनकर अंदर प्रवेश किया और अंदर जाकर टी-शर्ट उतार कर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह साजिश सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में राहुल के निवास स्थान पर रची गई थी। यह प्रयोग है, संयोग नहीं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए मेरे पास केवल तीन शब्द हैं- टॉपलेस, ब्रेनलेस और शेमलेस! कांग्रेस के पास इतना भी विवेक नहीं है कि यह समझ सके कि जो एआई समिट चल रही है, वह भाजपा का समिट नहीं है, न ही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी है। यह पूरे विश्व का एआई समिट है और वहां प्रदर्शन नहीं होता है। भारत ने पहले कभी इस प्रकार के समिट आयोजित नहीं किए थे, लेकिन एक एआई समिट होती है, पूरे विश्व में भारत का नाम होता है। इसमें 100 से अधिक देश प्रतिभाग करते हैं। बीस देशों के राष्ट्राध्यक्ष और अन्य देशों के 60 मंत्रियों ने इसमें भाग लिया।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों में हजारों वैश्विक संस्थाओं के प्रमुख, रिसर्चर्स, पॉलिसीमेकर्स और स्टार्टअप्स प्रतिभाग करते हैं। इसमें हजारों स्पीकर्स होते हैं और हजारों सत्र होते हैं। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जो किया है, उसको लेकर हिंदुस्तान के युवाओं में, खासकर जेन जी में, आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story