लोकसभा अध्यक्ष, गृहमंत्री व अन्य ने दी अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा अध्यक्ष, गृहमंत्री व अन्य ने दी अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बिरला ने लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को भी याद किया। उन्होंने चटर्जी को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।

बिरला ने एक्स पर लिखा, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में किसानों, कारीगरों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी और साथ ही मालवा में व्यापार, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया। उनका शासन जन-कल्याण, सुशासन और जन-सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ, उन्होंने देश के कई प्रमुख तीर्थ स्थलों पर मंदिरों, घाटों, कुओं, बावड़ियों और विश्राम-गृहों के निर्माण और जीर्णोद्धार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों का व्यापक प्रभाव आज भी भारत की सांस्कृतिक विरासत में दिखाई देता है। लोकमाता के महान योगदान और विरासत के सम्मान में, संसद पुस्तकालय भवन के प्रांगण में स्थापित उनकी यह प्रतिमा केवल एक महान नायिका की स्मृति ही नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, जन-कल्याण की भावना और जन-सेवा के आदर्शों का प्रतीक है। सोमनाथ चटर्जी का सार्वजनिक जीवन उनकी गहरी विधायी समझ, संसदीय परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि लोकमाता ने मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण, तीर्थ स्थलों के विकास तथा सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और पुनर्स्थापना में अद्वितीय योगदान दिया। महिला शिक्षा और विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देकर अहिल्याबाई होल्कर ने महिलाओं को सशक्त बनाया तथा जन-कल्याण, न्याय तथा सुशासन का आदर्श स्थापित किया। उनका जीवन धर्म, संस्कृति, जन-सेवा और राष्ट्र-हित के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनका जीवन धर्म, संस्कृति, जन-सेवा और राष्ट्र-हित के प्रति समर्पण का एक प्रेरणा उदाहरण है।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर सनातन चेतना के शाश्वत प्रतीक और नारी शक्ति की प्रतिमूर्ति, भगवान शिव की परम भक्त थीं। 'लोकमाता' ने अपने जीवन और शासन-व्यवस्था में सनातन मूल्यों को आत्मसात किया और समाज को धर्म, न्याय व करुणा के मार्ग पर अग्रसर किया। उनके द्वारा स्थापित आदर्श प्रशासनिक व्यवस्था की नींव आज भी 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के निर्माण की यात्रा को नई दिशा प्रदान कर रही है। भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुनरुद्धार और जन-कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय और प्रेरणादायक रहेंगे।

केन्द्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर त्याग, तपस्या और सुशासन की अमर प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने धर्म, न्याय और करुणा की पावन धारा से शासन किया और पूरी दुनिया को आलोकित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story