मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ निवेश पर चर्चा से पूर्व कालीघाट पहुंचे गौतम अडानी, की आराधना

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ निवेश पर चर्चा से पूर्व कालीघाट पहुंचे गौतम अडानी, की आराधना


कोलकाता, 24 सितंबर (हि.स.)। अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी पश्चिम बंगाल के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। बुधवार रात कोलकाता पहुंचने के बाद, उन्होंने गुरुवार सुबह अपनी पत्नी के साथ प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने दिन की शुरुआत की। इस दौरे का मुख्य केंद्र राज्य में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश माना जा रहा है, जिसको लेकर आज ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ उनकी अहम बैठक होने वाली है।

कालीघाट मंदिर में दर्शन के बाद गौतम अडानी न्यू टाउन में प्रस्तावित दो हजार बिस्तरों वाले अस्पताल 'अडानी आरोग्य मंदिर' के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इसके बाद अलीपुर स्थित 'सौजन्य' भवन में मुख्यमंत्री और अडानी समूह के प्रतिनिधियों के बीच निवेश को लेकर उच्च स्तरीय बैठक होगी।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में राज्य के ऐतिहासिक प्रशासनिक भवन 'राइटर्स बिल्डिंग' के जीर्णोद्धार को लेकर राज्य सरकार और अडानी समूह के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने की प्रबल संभावना है। इस अहम बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना होंगे।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से मौजूदा सरकार लगातार नए उद्योगों और रोजगार सृजन को बढ़ावा दे रही है, जिसके तहत कई बड़े उद्योगपति निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में अडानी समूह स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ-साथ राज्य के कई अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश की योजना बना रहा है। व्यापारिक निवेश के अलावा अडानी समूह बंगाल के सबसे बड़े उत्सव दुर्गा पूजा से भी जुड़ने जा रहा है।

समूह द्वारा राज्य की आठ सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक दुर्गा पूजा समितियों का चयन कर प्रत्येक को पच्चीस लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके साथ ही, दुनिया भर में दुर्गा पूजा की कला और अद्भुत परंपरा को प्रदर्शित करने के लिए दस, ग्यारह और बारह अक्टूबर को देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों के लिए एक विशेष पूजा भ्रमण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story